लाडवा अनाजमंडी में 1509 धान भाव 4000 तक, किसान खुश!

लाडवा अनाजमंडी में 1509 धान के दामों ने किसानों के चेहरे खिलाए, 3800 से 4000 रुपए क्विंटल तक पहुंचा भाव
अनाजमंडी में परमल धान की आवक शुरू; मोटे धान की सरकारी खरीद का इंतजार
लाडवा, 22 सितम्बर(मानव गर्ग):
लाडवा अनाजमंडी में 1509 किस्म की धान की आवक अब धीरे-धीरे कम होने लगी है, लेकिन फसल के अच्छे भाव मिलने से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। इस सीजन में 1509 धान का भाव करीब 3800 से 4000 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। किसानों का कहना है कि इस बार उन्हें 1509 धान के अब तक के सबसे बेहतर भाव मिल रहे हैं। वहीं मंडी में परमल धान की आवक भी शुरू हो चुकी है, जबकि मोटे धान की सरकारी खरीद अभी शुरू नहीं हुई है।
अनाजमंडी में 1509 धान की फसल लेकर पहुंचे किसान बलदेव सिंह, जय सिंह, रामकुमार, जीत राम, नरेंद्र सिंह, तीर्थ राम, लख्मीचंद और रॉबिन आदि ने बताया कि इस बार 1509 धान के भाव काफी अच्छे मिल रहे हैं। किसानों के अनुसार उनकी फसल 3800 से 4000 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रही है। किसानों ने बताया कि इस भाव के चलते प्रति एकड़ करीब 80 हजार से 95 हजार रुपए तक की आमदनी हो रही है। अच्छे दाम मिलने से इस बार किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं अनाजमंडी के व्यापारी अशोक गुप्ता, अमन गुप्ता, प्रमोद धवन, पवन बंसल, नरेश कुमार, राकेश मलिक, अवतार सिंह, विकास सिंघल आदि ने बताया कि इस बार 1509 धान की मांग और भाव दोनों अच्छे हैं। किसानों को उनकी फसल के अच्छे दाम मिल रहे हैं, जिससे उन्हें बेहतर मुनाफा हो रहा है। व्यापारियों के अनुसार अभी तक इस सीजन में 1509 धान के भाव काफी मजबूत बने हुए हैं। वहीं मंडी में अब 1509 धान की आवक में धीरे-धीरे कमी आने लगी है। दूसरी ओर परमल धान की आवक ने रफ्तार पकडऩी शुरू कर दी है। मोटे धान की आवक फिलहाल सीमित है और किसान सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
बाक्स
सरकारी खरीद के लिए हमारी तैयारी पूरी: सचिव
मार्केट कमेटी के सचिव संत कुमार ने बताया कि धान की सरकारी खरीद को लेकर मार्केट कमेटी की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अनाजमंडी में व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों और व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। जैसे ही सरकार की ओर से सरकारी खरीद शुरू करने की घोषणा की जाएगी, उसी समय से खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा। किसानों को मंडी में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
बाक्स
नमी के कारण मोटे धान की आवक अभी कम: प्रधान
अनाजमंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान राजीव आर्य ने बताया कि अभी मोटे धान में नमी अधिक होने के कारण मंडी में इसकी आवक ज्यादा नहीं है। फिलहाल इक्का-दुक्का ट्रॉलियां ही मोटे धान की मंडी में पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर से मोटे धान की आवक में तेजी आने की संभावना है, जिसके बाद मंडी में धान की आवक काफी बढ़ जाएगी। मंडी एसोसिएशन की ओर से भी सीजन को देखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।